जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
पात्र लाभार्थियों के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
पात्र लाभार्थियों के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
*रायबरेली- 07 सितम्बर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल सेक्टर विभाग से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित समाज कल्याण विभाग एवं संबंधित विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो तथा लंबित आवेदनों एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों के सत्यापन तथा संबंधित प्रक्रियाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि निर्बाध रूप से प्राप्त होती रहे। छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया में विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को निर्देश दिए।
शादी अनुदान एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष शतप्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत शीघ्र आयोजन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



